भक्ति -भक्त स्वरूप

अनेक स्थलों पर भक्ति की चर्चा आती है और भगवान् ने तो भक्त के ही चार स्वरूप बता दिया है-चतुर्विधा मां भजन्ते जना: सुकृतिनोर्जुन।आर्तो जिज्ञासुरर्थार्थी ज्ञानी च भरतर्षभ।।
आर्त,जिज्ञासु ,अर्थ को चाहने वाले और ज्ञानी ये चार प्रकार के मेरे भक्त हैं जिनमें ज्ञानी भक्त मुझे अत्यन्त प्रिय है(तेषां ज्ञानी नित्ययुक्त: एकभक्तिर्विशिष्यते।प्रियो हि ज्ञानिनोत्यर्थमहं स च मम प्रिय:)अनन्य प्रेम वाला ज्ञानी भक्त मुझमें एकीभाव से स्थित है, क्योंकि वह तत्व दर्शी मुझसे प्रेम करता है और मैं उससे।
आगे कहते हैं-उदारा:सर्व एवैते ज्ञानी त्वात्मैव मे मतम्।
आस्थित: स हि युक्तात्मा मामे-
वानुत्तमां गतिम्।।
सभी भक्त उदार तो हैं, किन्तु ज्ञानी तो साक्षात् मेरा ही
स्वरूप है।वह उत्तम गतिस्वरुप
मुझमें अच्छी प्रकार स्थित है।
अन्त मे इस प्रकरण का संहरण करते हुए और भी स्पष्ट कर दिया-
बहूनां जन्मनामन्ते
ज्ञानवान्मां प्रपद्यते
वासुदेव:सर्वमिति
स महात्मा सुदुर्लभः।।
बहुत जन्मो को धारण करते हुए
अन्त मे तत्वज्ञ पुरष ही सब कुछ मुझे ही मानने वाला महात्मा अत्यन्त दुर्लभ है।
।।हरिश्शरणम्।।

https://shishirchandrablog.wordpress.com

 

गुणातीत-विवेक

पद्मनाभ भगवान् के मुखपद्म से निकली गीता सर्वशास्त्र-मयी है।जीवन और जीवनातीत अनेक सन्देह-सन्दोह का नि:शेष निराकरण इसका स्वारस्य है।इसके लोकालोक रसानन्द का चरम परमास्वाद सद्गुरू भगवत् कृपा विना असम्भव है।1994 से स्नातक के पाठ्यक्रम मे इसका द्वितीयाध्याय मेरे अध्ययनाध्यापन का विषय बना और सद्गुरू कृपा से विषय-निवृत्ति का श्रीगणेश भी हो गया। अस्तु।
एक स्थान पर ब्रह्माण्ड के अद्वितीय परम शिक्षक ने कहा-त्रैगुण्यविषया
वेदा निश्त्रैगुण्यो भवार्जुन।।
मानापमानयोस्तुल्य:
तुल्यो मित्रारिपक्षयो:।
सर्वारम्भपरित्यागी
गुणातीत: स उच्यते।।
सारे वेद और उनका
वेदार्थ सत्वरजस्तमो मय है।इन गुणो का कार्य क्रमशः सुख,दु:ख और मोह होता है, ऐसा गुरुजन कहते हैं।यह बात भी सत्य है कि जन्मजन्मान्तर से प्राप्त संस्कारासंस्कार का परिशोधन तो वेदगुरू मूलक है ही।किन्तु इन गुणों के उपर्युक्त सुखदु:खमोहादि मे कब तक पड़े रहना है? इसीलिये यह बात आई कि हे अर्जुन! अब गुणों से परे होने पर सोचो।
जो व्यक्ति मान और अपमान मे समान व्यवहार करनेवाला,मित्र और शत्रु मे समदृष्टि वाला और समस्त आचारचार का विचार पूर्वक प्रारम्भ और परित्याग करनेवाला है , गुणातीत कहा जाता है।

।।हरिश्शरणम्।।

https://shishirchandrablog.wordpress.com/

त्रिगुण और साधक

वृत्ति, शब्द “वृत्”वर्तने धातु से निष्पन्न है।वर्तन का अर्थ व्यवहार से है।अन्त:मे विद्यमान नाना जीवों के गुणस्वभाव को लेकर अहंकार वृत्ति मनुष्य रूप मे जन्मती है।इन्हीं गुणवृत्तियों का शोधन सद्गुरु भगवान् की कृपा से करणीय है।भागवत के एकादश स्कन्ध मे वृत्तियों के शोधन हेतु शुकवाणी इस प्रकार है-निस्संगे मां भजेद् विद्वानप्रमत्तो जितेन्द्रिय:।रजस्तमश्चाभिजयेत् सत्वसंसेवया मुनि:।।सत्वं चाभिजयेद् युक्तो नैरपेक्ष्येण शान्तधी:।सम्पद्यते गुणैर्मुक्तो जीवो जीवं विहाय माम्।।जीवो जीवविनिर्मुक्तो गुणैश्चाशयसम्भवै:।मयैव ब्रह्मणा पूर्णो वहिर्नान्तरश्चरेत्।।अर्थात्-साधक सर्वप्रथम अपनी वृत्तियों को समझे कि वे किस गुण मे बरत रही हैं।गुण “वृत्ति”का ही कार्य है, आत्मा का नहीं।यह बातें गुरु के द्वारा ही कोई साधक पूर्णतया समझ सकता है तथा साधन मे उतार सकता है।जब तक तीनों गुणों की वृत्तियों के स्वरुप तथा कार्य को नहीं समझ सकता है तब तक वह कैसे समझेगा कि मेरी वृत्ति इस समय किस गुण मे बरत रही है।वे कहते हैं-रजोगुण तथा तमोगुण वृत्तियों को दबाकर सत्वगुण वृत्ति उत्पन्न की जाती है।सत्वगुण वृत्ति शान्त हृदयाकाश की धारणा को कहते हैं।(इस शान्त हृदयाकाश का अनुभव साधक को कुम्भक प्राणायाम मे होता है)वही वृत्ति प्रकाश स्वरूप, आनन्द स्वरूप तत्व का अनुभव कराती है।उस समय सत्वगुण पर भी साधक विजय प्राप्त कर लेता है।साधक पहले अपनी बुद्धि मे भर लें कि हृदयाकाश मे ही शान्ति वृत्ति ठहरती है।जब यही शान्ति वृत्ति संकल्प विकल्प करती है तो रजोगुणी वृत्ति हो जाती है, अन्यथा हृदयाकाश मे स्थिरावस्थ रहने पर,तो सत्वगुणी ही है।तृतीय अवस्थान मे इसी शान्ति वृत्ति की लीनता मे तब तन्द्रा आ जाती है, तब यही तमोगुणी वृत्ति होती है।वस्तुतत्वधारणा होने पर, हृदयाकाश मे स्वस्थ शान्ति वृत्ति जीवत्व (भाव)अर्थात् अविद्या को छोड़कर स्वस्वरुपावगतिस्थ स्थिति मे ब्राह्मी वृत्ति बन जाती है।।योगश्वर ने कहा भी कि-सैषा ब्राह्मी स्थिति:पार्थ नैनां प्राप्य विमुह्यति।।नहीं तो अहंभाव से जन्मना मरना भी ध्रुव है।

||हरि:शरणम्||

https://shishirchandrablog.wordpress.com/

मन ही बन्धन-मुक्ति का मूल

मन ही समस्त संसार का मूल है।अध्यात्म रामायण सहित अनेक ग्रन्थों मे चर्चा है-
मन एव हि संसारो बन्धश्चैव मन: शुभे। आत्मा मन:समानत्वमेत्य तद्गतबन्धभाक्।।
भगवान् राम कहते हैं कि-हे तारा! मन ही संसार है-जैसै चीनी का मृग चीनी से भिन्न नहीं, वैसे ही मन से भिन्न संसार नहीं।चीनी निकाल लेने पर जैसै मृग की सत्ता नहीं है, वैसे ही मन के अमनीभाव मे जगत् सत्ता नष्ट हो जायेगी।आत्मा से मन के तादात्म्य होने से अज्ञान वश बन्धन होता है।
किन्तु जिसने मन को जीत लिया उसने जगत् को जीत लिया।मन के वश मे सम्पूर्ण इन्द्रियाँ हैं मन किसी के वश मे नहीं।गोस्वामी जी ने बहुत सुन्दर बात कही है-
असन बसन पशु वस्तु विविध विधि, सब मणिमह रह जैसै।
स्वर्ग नरक चर-अचर लोक ,
बहु बसत मध्य मन तैसे।।
एक मणि के भीतर असन
बसन ,हाथी, घोड़े आदि सब हैं।उसी तरह स्वर्ग, नरक,अपवर्ग तथा चर अचर
चौदहों लोक मन के भीतर हैं।मन ही माया है, मन ही विष्णु है, मन ही ब्रह्मा है और मन ही शिव भी।मन ही जगत् है, मन ही जीव है तथा मन ही अनेक रूप धारण करता है।मन ही जगदाकार ,शब्दाकार,स्पर्शाकार,रूपाकार, जपाकार,अध्याकार और ब्रह्माकार भी।यही बन्धन और मोक्ष भी।सारे कार्य मन द्वारा रचे गए हैं।आत्मा असंग और अलेप है।जो मन विषयासक्त वही बन्धन देता है और जो मन विषयों से अनासक्त है, वह मोक्ष प्राप्त कराता है(मन एव मनुष्याणां कारणं बन्धमोक्षयो:)
जहाँ तक ऐन्द्रिक प्रतीति है वह सब मनोमात्र है।मन के अमनीभाव मे द्वैत प्रतीति नहीं होगी।।
आखिर यह अमनीभाव कैसे हो? इसके लिये विद्वान् साधक को समस्त संकल्प(कामाकाम)त्यागने होगें।यह अवस्था ज्ञेयाभिन्न ज्ञान की है ।इसमें भी अमनीभाव की दो स्थितियां हैं-
एक सबीज और दूसरी निर्बीज
सुषुप्ति मे सबीज रहता है।और
समाधि मे निर्बीज(नाश)।।
वस्तुतः ऐन्द्रिक वृत्ति
आत्मा की अनुभूति मे असमर्थ होती है, किन्तु संयम की होने पर वही वृत्ति निरोध की दृढावस्था मे आत्मानुभूति कराती है।मन वाणी प्रारम्भिक अवस्था मे साधन अवश्य हैं, किन्तु ये बहुत दूर से चुपके से खिसक कर भाग लेते हैं, क्योंकि इनका आत्मा कोई सम्बन्ध नहीं है।(यतो वाचो निवर्तन्ते अप्राप्य मनसा सह आनन्दं ब्रह्मणो विद्वान् न विभेति कदाचन)
आत्मानुभूति के समकाल मे मनोनाश ,वासनाक्षय और अमनीभाव तथा निर्भय आनन्द प्राप्त है।भगवत् कृपा इसमें सहायक हो।

|।हरिश्शरणम्।|

https://shishirchandrablog.wordpress.com

ईश्वर का वरदान- मानव शरीर

बडे भाग मानुष तन पावा -“भगवत् कृपा नाना शरीरों की यात्रा करके इस मानव शरीर की प्राप्ति हुई है।और केवल मानव शरीर ही भक्ति-प्रेम-श्रद्धा का अर्थ समझ सकता है।इसमे प्रेम कुछ ऐसा विशिष्ट तत्व है, जो श्रद्धा और भक्ति दोनों मे समाविष्ट है।वस्तुतः प्रेम तो परमात्मा का अविचल स्वस्वभाव है।वह सभी से प्रेम करता है, सर्वत्र-सर्वव्यापक है।इसलिये हमें उनको समूल सृष्टि मे दृष्टिगत करना पडेगा।इस दृष्टिकोण द्वारा हमारी वैषयिक वासनाएं गल जायेंगी और इन्धन से प्रकटित अग्नि की तरह उनका दर्शन होने लगेगा-“भिद्यते हृदय-ग्रन्थि:,छिद्यन्ते सर्वसंशया:।क्षीयन्ते चास्य कर्माणि, तस्मिन् दृष्टे परावरे |

||हरि:शरणम्||

https://shishirchandrablog.wordpress.com/

लोक सेवक वास्तविक जन सेवक बने

“सुत वित लोक ईषणा तीनी ,केहि कर मति एहि कृत न मलीनी “एषणा त्रयत्याग:संन्यास:”धन,सन्ततिऔर लोकप्रतिष्ठा की प्रबलेच्छा सभी मे सामान्य है,जो मानवीय मनोमालिन्य की परिणति को प्राप्त होती है।देश की आजादी से लेकर आज तक राजनीतिज्ञ शासक और लोक सेवा आयोग से चयनित लोक सेवक जन (Public Servent)इसी भ्रम के वशीभूत रहे है।ऐसे लोगों ने पैसे को ही सर्वोपरि मान मूल लक्ष्य सेवा कार्य से भटक गये।जिससे समाज सेवा व्यक्ति सेवा मे केन्द्रित हो गई।लेकिन भगवत् कृपा से साधु भावी और सेवा भावी सज्जनो के पास सत्ता संचालन का दायित्व आ पडा है।भगवान कृपा करें ऐसे साधु लोग पैसों के लोभ मे न पडे।क्यों कि -“पैसा पापी साधु को परसि लगावै पाप ।परसि लगावै पाप ज्ञान वैराग्य बिगारै।काम क्रोध मद लोभ मोह मत्सर शृंगारै।सब द्रोहिन सो बडो सन्त द्रोही नहि ऐसा।भगवत रसिक अनन्य भूलि परसो जनि पैसा।”इसलिये शासन के सूत्रधार साधु अत्यंत सावधानी बरतें।

||हरि:शरणम्||

https://shishirchandrablog.wordpress.com/

राम और गान्धी का रामराज्य

“स्नेहं दयां च सौख्यं च यदि वा जानकीमपि ।आराधनाय लोकस्य मुंचतो नास्ति मे व्यथा।”स्नेह,दया, सुख और यहाँ तक कि अपनी प्रियतमा जानकी भी क्यों न हो मुझे लोक(प्रजा)के अनुरंजन के लिये कुछ भी त्यागने मे कठिनाई नहीं है।”यह है राजा राम के लोक मंगल का संकल्प, यही है गान्धी के सपनों का रामराज्य ,जिसे अपनों ने सपना ही बना रहने दिया।सौभाग्य से भगवत् कृ पा से देश के किसी कोने से राम राज्य के स्वर्णिम सूर्योदय की  आभा दीख रही है।भगवान राम कृष्ण रक्षा करें।

||हरि:शरणम्||

https://shishirchandrablog.wordpress.com/

शुभदात्री और अशुभहन्त्री माँ भगवती

हे भगवती! यह कोई बताये कि ऋषियों का कौन सा कथन तुम्हारी स्तुति नहीं है।यह बात निर्विवाद रूप से सनातन सत्य है कि सम्पूर्ण शब्द राशि तुम्हारा ही शरीर है।तुम्ही अनुच्चरित अर्थ रूपस्थ ,अनुच्चार्य अर्ध मात्रास्थ तथा प्रकटीकृत शब्द स्वरूप भी हो।संसार की समस्त मूर्तियों(शरीरों )मे तुम्हीं विद्यमान हो चाहे वह बाहर दृश्य हो अथवा अन्त:दृश्य मानस मात्र।शुभदात्री और अशुभहन्त्री भी तुम्हीं हो।आपकी कृपा करूणा पूर्ण दृष्टि मात्र से अतिशय स्नेहवशात् यह मानव जन्म प्राप्त है।अतः मेरे लिये आपके द्वारा प्रदत्त समय का अंशमात्र भी आपकी स्तुति, जप,अर्चन,चिन्तन से विहीन नहीं है।आपकी करूणार्द्र दृष्टि ऐसी बनी रहे कि मैं आपका भजन(आप द्वारा सृजित सृष्टि की सेवा )करता रहूँ-“तव च का किल न स्तुतिरम्बिके ,सकलशब्दमयी किल ते तनु:।निखिलमूर्तिषु मे भवदन्वयो मनसिजासु बहि:प्रसरासु च।इति विचिन्त्य शिवे शमिताशिवे जगति जातमयत्नवशादिदम्।स्तुतिजपार्चनचिन्तनवर्जिता न खलु काचन कालकलास्ति मे।”

||शिव:शरणम्||

https://shishirchandrablog.wordpress.com/

मन रुपी दर्पण

जो अज्ञानी, मूर्ख, अन्धे और भाग्यहीन है तथा जिनके मन रुपी दर्पण पर विषय की काई जमी हुई है, जो लंपट ,कपटी और कुटिल स्वभाव वाले है, जिन्होंने सन्त समाज के दर्शन नहीं किए है ,उन्हें भगवान श्री राम का रूप भी नहीं दिखाई देगा।ऐसे लोग उन्माद ग्रस्त होकर, भूतों की तरह बिना विचारे बोलते है ।इस प्रकार के लोगों ने महामोह रूपी मदिरा पी रखी है ,जिनके कहने पर भारत की धर्म प्राण जनता अब ध्यान नहीं देती।ऐसे अप्रासंगिक और विषयासंगिक लोगों को आगे भी जनता जबाब देगी-“अग्य अकोबिद अन्ध अभागी ,काई विषय मुकुर मन लागी ।लंपट कपटी कुटिल विशेषी ।सपनेहु सन्त सभा नहिं देखी।बातुल भूत विवश मतवारे ,ते नहिं बोलहिं बचन बिचारे।जिन्ह कृत महामोह मद पाना।तिन्ह कर कहा करिअ नहिं काना ।”

||हरि:शरणम्||

https://shishirchandrablog.wordpress.com/

भक्ति, भक्त, भगवान और गुरु

भक्ति, भक्त, भगवान और गुरु ये चारों नाम अलग अलग है ।किन्तु इनका विग्रह मिलकर एक ही है। इनके चरण वन्दन या इनके चरण का आचरण करने पर सारी बाधायें स्वतः निर्मूल हो जाती है -“भक्ति भक्त भगवन्त गुरु चतुर नाम वपु एक इनके पद वन्दन किए नाशैं विघ्न अनेक।”

||हरि:शरणम्||

https://shishirchandrablog.wordpress.com/